साउथ दिल्ली के हौज खास इलाके में पहले सिविल डिफेंस कर्मियों ने एक कार चालक को बेल्ट से पीटा। फिर मौके पर जुटी भीड़ ने सिविल डिफेंस कर्मियों की धुनाई कर दी। पूरा विवाद ग्रीन लाइट होने पर एक कार के सामने सिविल डिफेंस कर्मी के कूदने और इस वजह से ब्रेक लगाने से पीछे से आ रही गाड़ी के इस कार से टकराने के बाद शुरू हुआ था। पुलिस ने हुए इस बवाल को लेकर दोनों पक्षों की ओर से मिली शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक दोपहर को आईआईटी गेट वाली रेड लाइट पर सिविल डिफेंस वाले बिना मास्क वालों का चालान काट रहे थे। रेड लाइट ग्रीन होने पर एक सिविल डिफेंस कर्मी गाड़ी के सामने कूद गया। ड्राइवर ने तेजी से ब्रेक लगाए, जिस वजह से पीछे वाली कार उस गाड़ी से जा टकराई। इसके बाद ड्राइवर गीतेश डागर ने गाड़ी से उतर सिविल डिफेंस वालों से बात कर अपनी नाराज़गी जाहिर की। इस दौरान उसकी कहासुनी हो गयी।
आरोप है सिविल डिफेंस वालों ने गीतेश को बेल्ट उतारकर पीटा। इसके बाद मौके पर लोग जमा हो गए। अबकी बार लोगों ने सिविल डिफेंस वालों की पिटाई कर दी, जिसमें एक डिफेंसकर्मी के सिर में चोट आई। सिविल डिफेंस कर्मियों ने भागकर अपनी जान बचाई। एक युवक तो महिला कर्मी के पीछे ही दुबक गया। इस दौरान हुए बवाल की लोगों ने विडियो बना ली, जो बाद में वायरल हो गई। घटना की बाबत पुलिस ने दोनों और से मिली शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज किया है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।